
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 08 नवम्बर 2025
थाना – कोतवाली हाटा
कुशीनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनएच-28 पर सक्रिय उस गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ट्रक व लग्जरी बस चालकों से अवैध वसूली करता था। थाना कोतवाली हाटा पुलिस ने इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, रजिस्टर, विजिटिंग कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
सहायक आयुक्त (प्रभारी) सचल दल राज्यकर कुशीनगर द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, हेतिमपुर टोल प्लाजा के समीप स्थित सेठी ढाबा का मालिक सुनील कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक और बस चालकों से अवैध वसूली कर रहा था। यह गैंग प्रवर्तन वाहनों और अधिकारियों की लोकेशन व जानकारी चालकों को देकर चालान से बचाने के नाम पर धन उगाही करता था।
पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक श्री निवेश कटियार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी श्री कुन्दन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को छापेमारी कर तीन अभियुक्तों — सुनील कुमार, सुरेश कुमार (दोनों निवासी जनपद मेरठ) एवं आंशु कुमार (निवासी जनपद पीलीभीत) — को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से ₹35,750 नकद, तीन मोबाइल फोन, दो रजिस्टर, कई एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रामसहाय चौहान सहित सात अधिकारियों व जवानों की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने बताया कि गैंग के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
— विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
