
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
कुशीनगर जनपद के निर्माण श्रमिकों के बच्चों एवं अनाथ बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने हेतु संचालित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 06 एवं कक्षा 09 में प्रवेश हेतु आवेदन 01 जनवरी, 2026 से स्वीकार किए जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2026 निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि यह विद्यालय राज्य सरकार की एक महत्त्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत संचालित है, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित एवं श्रमिक वर्ग के बच्चों को उच्च गुणवत्तापूर्ण, आवासीय एवं पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान करना है। यह अवसर विशेष रूप से उन परिवारों के लिए है, जिनके संसाधन सीमित हैं, परंतु सपने बड़े हैं।
प्रवेश के लिए वही निर्माण श्रमिक पात्र होंगे, जो उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत दिनांक 30 नवम्बर, 2022 तक पंजीकृत हों। ऐसे पंजीकृत श्रमिकों के अधिकतम दो बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग की मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले अनाथ बच्चे भी इस योजना के लिए पात्र होंगे।
आवेदन पत्र जिला श्रम कार्यालय, रामकोला रोड, शनि मंदिर के सामने, पडरौना, कुशीनगर से प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके लिए अभ्यर्थी https://upbocw.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9984581938 एवं 9415322990 पर संपर्क किया जा सकता है।
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा दिनांक 22 फरवरी, 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने पात्र अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि उनके बच्चों को बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
यह योजना केवल शिक्षा नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम है। अब यह जिम्मेदारी अभिभावकों की है कि वे इस अवसर को हाथ से न जाने दें और अपने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करें।

