
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
06 सितम्बर 2025 | कुशीनगर से धर्मेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट
सुचिता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही प्रशासन की प्राथमिकता — डीएम महेंद्र सिंह तंवर
कसया, कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में शनिवार को तहसील कसया सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डीएम व एसपी ने एक-एक फरियादी की समस्याओं को गम्भीरता से सुनकर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “हर शिकायत का निस्तारण सुचिता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से किया जाए। शासन की मंशा है कि कोई भी फरियादी निराश होकर वापस न लौटे।” उन्होंने कहा कि जो प्रार्थना पत्र तत्काल नहीं निस्तारित हो सकते, उन्हें प्राथमिकता पर लेकर निर्धारित समयावधि में संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से टीम बनाकर सभी लंबित प्रकरणों का निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने थानाध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 56 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग से 47, पुलिस विभाग से 02 तथा अन्य विभागों से 07 मामले थे। इनमें से 04 मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि 52 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को निर्धारित अवधि में निस्तारण हेतु सौंपा गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी संतराज सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश, परियोजना निदेशक पियूष कुमार, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार, कृषि अधिकारी डॉ. मेनका, डीसी मनरेगा राकेश, सीओ कसया, खंड विकास अधिकारीगण, कानूनगो, लेखपाल व अन्य विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस प्रशासनिक पारदर्शिता, जनविश्वास और सुशासन का सशक्त प्रतीक बनता जा रहा है, जहां जनहित के हर प्रकरण को संवेदनशीलता के साथ सुना और निस्तारित किया जा रहा है।
— विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर




