

03 दिसम्बर – विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर पुलिस लाइन परिसर आज उत्साह और उल्लास से गूंज उठा, जब पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने नवनिर्मित पुलिस कैफे का फीता काटकर शुभारंभ किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कैफे न सिर्फ पुलिसकर्मियों बल्कि उनके परिजनों के लिए भी एक बड़ा उपहार साबित होगा। पुलिस विभाग द्वारा पहली बार इतनी सुनियोजित पहल की गई है, ताकि जवानों को अपने ही परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ, शांत और गुणवत्तापूर्ण वातावरण में विश्राम और refreshment की सुविधा मिल सके।
कैफे में स्वच्छता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। यहां पुलिसकर्मियों को उचित मूल्य पर नाश्ता, चाय–कॉफी और विभिन्न खाद्य सामग्री उपलब्ध रहेगी, जिससे उन्हें ड्यूटी के दौरान बाहर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़गी। पुलिस लाइन में तैनात जवानों के अनुसार, यह कैफे उनके दैनिक जीवन में एक बड़ी राहत लेकर आएगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में आर.आई., पी.आर.ओ. कुशीनगर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने कैफे का निरीक्षण कर इसकी सराहना की और इसे पुलिस परिवार के लिए एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर संवाद, सामंजस्य और आपसी सौहार्द बढ़ेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि—
“यह कैफे पुलिस परिवार के लिए एक साझा मिलन स्थल की तरह कार्य करेगा। यहां जवान न सिर्फ आराम कर सकेंगे, बल्कि तनावमुक्त वातावरण में अपनी ऊर्जा को पुनः प्राप्त कर और बेहतर मनोबल के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभा सकेंगे।”
कुशीनगर पुलिस की इस पहल को पुलिसकर्मियों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निश्चित ही यह कैफे पुलिस परिवार के बीच नए उत्साह, नई ऊर्जा और नई आपसी bonding की शुरुआत करेगा।





