

कुशीनगर। जूनियर हाईस्कूल पडरौना परिसर में आज यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो/स्वदेशी मेला 2025 का भव्य शुभारंभ मां सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि यह मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है। “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना से प्रेरित भारत अपने श्रम, स्वावलंबन और संस्कृति पर गर्व करता है। जब हम स्वदेशी उत्पाद अपनाते हैं, तो यह हमारे किसानों, कारीगरों, महिलाओं और छोटे उद्यमियों के परिश्रम को सम्मान देने जैसा है। उन्होंने कहा — ‘लोकल को वोकल बनाना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है, और इस मेले के माध्यम से हम सब उस सपने को साकार कर रहे हैं।’
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि स्वदेशी मेला न केवल स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन है, बल्कि जिले की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक भी है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छोटे उद्योगों की स्थापना हेतु भूमि का चिन्हांकन किया जा चुका है, जिसे सस्ती दरों पर उद्यमियों को उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही फूड प्रोसेसिंग पार्क की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “शिक्षा को कौशल से जोड़ना ही विकास की कुंजी है” और 2047 तक विकसित भारत-विकसित यूपी के लक्ष्य की दिशा में सभी नागरिकों से सरकार को अपना फीडबैक देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उद्योग विभाग द्वारा दर्जी ट्रेड के अंतर्गत 6 लाभार्थियों को टूल किट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 5 लाभार्थियों को ₹5-5 लाख के डमी चेक तथा एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को ₹25 लाख का डमी चेक वितरित किया गया।
मेले में स्थानीय हस्तशिल्प, उद्यम, महिला स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं की झलक ने जनसमूह का मन मोह लिया — कुशीनगर में स्वदेशी का उत्सव, गर्व और आत्मनिर्भरता का संगम बन गया।










