
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
जनपद कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ई टोला में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया। महज दो माह पूर्व प्रेम विवाह करने वाले दंपती की कहानी खून और मौत पर खत्म हो गई। पहले पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी, फिर उसी कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 की रात लगभग 8:30 बजे थाना तरयासुजान को सूचना मिली कि बढ़ई टोला में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो अंदर का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। कमरे में अरूण शर्मा (पुत्र हरेंद्र शर्मा) का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पास ही उसकी पत्नी नेहा कुमारी (पुत्री दयानंद भारती, निवासी विशुनपुरा बरियापट्टी) का रक्तरंजित शव पड़ा था।
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि नवंबर 2025 में दोनों ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। बीते कुछ समय से दंपती के बीच विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी तनाव के चलते अरूण ने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया और वारदात के बाद स्वयं फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।
मृतक की मां जब कमरे में पहुंची तो दोनों के शव देखकर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि, “प्रकरण में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।”
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि रिश्तों में बढ़ता तनाव किस तरह भयावह रूप ले रहा है। प्रेम विवाह से शुरू हुई यह कहानी, महज दो महीनों में दो जिंदगियों के अंत पर आकर थम गई। पूरे गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।


