
08 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के लिए यह सप्ताहांत विकास, कृषि और रोजगार के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश सरकार दिनेश प्रताप सिंह का 09 एवं 10 जनवरी 2026 को जनपद कुशीनगर का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक व विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मा० मंत्री जी 09 जनवरी 2026 को नई दिल्ली से प्रस्थान कर सायं गोरखपुर पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग द्वारा वे जनपद कुशीनगर आएंगे तथा सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक समन्वय को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
10 जनवरी 2026 को प्रातः मा० मंत्री जी जनपद में संचालित विभिन्न शासकीय एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान वे कृषि एवं उद्यान विभाग से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक, पार्टी पदाधिकारियों से संवाद, तथा प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में योजनाओं की प्रगति, जमीनी क्रियान्वयन और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिए जाने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त मा० मंत्री जी द्वारा VB-G RAM G (विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन–ग्रामीण) के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता और आजीविका के नए अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यह मिशन ग्रामीण युवाओं और किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला साबित हो सकता है।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मा० मंत्री जी जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति का स्थलीय आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश देंगे, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से आमजन तक पहुंचे। उनके इस दौरे से जनपद कुशीनगर में कृषि, उद्यान और ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में नई ऊर्जा और गति मिलने की उम्मीद है।
— विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर

