
25 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले 76वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शासन द्वारा इस गरिमामय अवसर पर माननीय राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम को मुख्य अतिथि के रूप में नामित किया गया है, जिससे प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में उत्साह का माहौल है।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रोटोकॉल के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। जारी कार्यक्रम के तहत मुख्य अतिथि माननीय विजय लक्ष्मी गौतम प्रातः 07:30 बजे जनपद देवरिया से प्रस्थान करेंगी तथा प्रातः 08:30 बजे सर्किट हाउस, कुशीनगर पहुंचेंगी। यहां अल्प विश्राम के पश्चात वे प्रातः 09:25 बजे रिजर्व पुलिस लाइन के लिए प्रस्थान करेंगी और प्रातः 09:30 बजे वहां पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण करेंगी।
ध्वजारोहण के उपरांत प्रातः 09:35 बजे परेड निरीक्षण, प्रातः 09:45 बजे राष्ट्रगान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प लेंगे। इसके बाद प्रातः 10:00 बजे उद्घाटन कार्यक्रम तथा प्रातः 10:15 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं विभागों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम दर्शकों को भावविभोर करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 11:50 बजे स्वल्पाहार तथा प्रातः 12:10 बजे अन्य कार्यक्रम (सुविधानुसार) आयोजित किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, मंच व्यवस्था एवं प्रोटोकॉल से संबंधित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत एवं आयोजन की गरिमा बनाए रखने के लिए व्यापक एवं सुदृढ़ तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जनपद में देशभक्ति, उत्साह और अनुशासन का वातावरण स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।
