
ब्रेकिंग न्यूज़ | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
जनपद कुशीनगर के थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिनांक 08 फरवरी 2026 को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-27 पर एक सफेद रंग की सुजुकी एसएल-6 कार (संख्या UP57CB4945) तेज रफ्तार में आगे जा रहे कंटेनर ट्रेलर (संख्या PB65BD8886) के पिछले हिस्से में जा घुसी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह ट्रेलर के नीचे फंस गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली हाटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की तत्परता से काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकाला गया। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें सभी गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे। पुलिस द्वारा सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा भेजा गया।
घायलों की पहचान सूरज वर्मा (22), शैलेश वर्मा (18), मुकेश वर्मा (19), विकास वर्मा, हरिश (23), नितिश (20) और अमन (26) के रूप में हुई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सूरज वर्मा, शैलेश वर्मा, मुकेश वर्मा और विकास वर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं हरिश, नितिश और अमन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर ट्रेलर गोरखपुर की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। तेज रफ्तार और संभवतः चालक की असावधानी को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर वाहन को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन सिंह ने बताया कि “प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। मौके पर स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।”
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और पुलिस की तत्परता से जहां घायलों को समय पर इलाज मिल सका, वहीं यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर सभी नागरिकों से अपील करता है कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
