
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बैकुंठपुर कोठी में रविवार को दो पट्टीदारों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनों पट्टीदारों ने पीड़ित परिवार का कटरैन (ईंट की दीवार) तोड़ दिया था। इसी बात को लेकर रविवार को पुनः दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे।
मारपीट में विदांती देवी पत्नी रामायण निषाद तथा उनकी 12 वर्षीय पुत्री बेबी कुमारी, निवासी बैकुंठपुर कोठी, गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने घायलों को दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पीड़ित पक्ष ने इस मामले में थाना विशुनपुरा में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए गश्त तेज कर दी है।
