
कुशीनगर। दुदही क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन शुक्रवार को माता रानी की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ भक्ति भाव और हर्षोल्लास के बीच संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने जयकारों और भक्ति गीतों के बीच मां दुर्गा को विदाई दी।
सुबह से ही विसर्जन यात्रा का शुभारंभ हुआ। विभिन्न पूजा समितियों की प्रतिमाएं बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा के रूप में नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सरयू घाट और आसपास के विसर्जन स्थलों तक पहुंचीं। जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर मां को विदा किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। थानाध्यक्ष बिशनपुरा आनन्द कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दुदही क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे। वही सबसे खास बात यह की सीओ तमकुहीराज समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ड्रोन और सीसीटीवी से भी निगरानी रखी गई। संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश और थाल लेकर माता की आरती उतारी और भक्तिमय गीत गाते हुए विसर्जन स्थल तक साथ चलीं। बच्चों और युवाओं में भी खास उत्साह देखने को मिला।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन होते ही माहौल भावुक हो उठा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अगले वर्ष पुनः मां के आगमन की शुभकामनाएं दीं।
कुल मिलाकर दुदही क्षेत्र में नवरात्रि महोत्सव का समापन पूरी आस्था, उल्लास और प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
