
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर। जनपद की मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति की एक अहम बैठक गुरुवार को पडरौना स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित की गई, जिसमें जिले भर से वरिष्ठ पत्रकारों ने व्यापक सहभागिता दर्ज की। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष एन.एन. शुक्ला ने की, जबकि संचालन का दायित्व संजय चाणक्य ने कुशलतापूर्वक निभाया।
बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि समिति की स्थापना पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान की पुनर्स्थापना तथा पत्रकारिता की गरिमा को संरक्षित रखने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “पत्रकारों का सम्मान सर्वोपरि है, और समिति किसी भी स्तर पर पत्रकार हितों से समझौता नहीं करेगी।”
पूर्व निर्धारित एजेंडे पर चर्चा के दौरान सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मत रखा, जिसके बाद पाँच प्रमुख प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इन प्रस्तावों में–
मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए भूमि आवंटन एवं भवन निर्माण हेतु जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय।
शासन/प्रशासन द्वारा गठित स्थायी पत्रकार समिति में मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के एक पदाधिकारी को स्थायी सदस्य बनाने की मांग।
संगठन की पहचान को सुव्यवस्थित करने के लिए आधिकारिक परिचय पत्र जारी करने का प्रस्ताव।
संगठन की कार्यशैली को सक्रिय व गतिशील बनाए रखने के लिए हर माह के अंतिम रविवार को नियमित बैठक आयोजित करने का निर्णय।
वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु संगठन के नाम से राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोलने का प्रस्ताव।
बैठक में संगठन के संरक्षक प्रभूनाथ गुप्ता, उपाध्यक्ष अजय मिश्रा, वरिष्ठ सदस्य आर.के. भट्ट, अशोक शुक्ला, कोषाध्यक्ष कृष्ण मोहन पाण्डेय, संगठन मंत्री हेमंत चौरसिया, मंत्री अनिल पाण्डेय, संतोष सिंह, अभय मिश्रा, उपेंद्र तिवारी, शैलेश उपाध्याय, अभिषेक शाही, अजय दीक्षित सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
गंभीर विमर्श, सकारात्मक संवाद और पत्रकार हितों को लेकर पारित इन प्रस्तावों ने यह संदेश दिया कि जिले की पत्रकारिता अब संगठित, मजबूत और अपनी गरिमा को लेकर अधिक सजग है।
यह बैठक पत्रकार समुदाय को नई दिशा और मजबूती प्रदान करने वाली साबित हुई।
