
24 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की एक अहम बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की गहन एवं बिंदुवार समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान संस्थागत प्रसव, आशा कार्यकत्रियों के भुगतान, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की वास्तविक स्थिति, टीकाकरण कार्यक्रमों की प्रगति, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े निर्माण कार्य, नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन, एईएस/जेई सहित अन्य सभी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बिना किसी गंभीर चिकित्सकीय कारण के मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में संबंधित चिकित्सकों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि मरीजों की जान और सुविधा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
डेथ ऑडिट एवं पोस्टमार्टम से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निष्पक्षता और पारदर्शिता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी मामले में निजी स्वार्थवश आपत्ति या असंतोष सामने आता है, तो तत्काल एक स्वतंत्र समिति गठित कर जांच कराई जाए, जिसमें एक निजी चिकित्सक को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
जिला अस्पताल में सीएसआर मद से प्रस्तावित लगभग 1.5 से 2 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ओपीडी समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं के शीघ्र विकास के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा स्टाफ की सतर्कता पर भी विशेष जोर दिया।
इसके अतिरिक्त निजी अस्पतालों में प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों को लेकर अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आमजन को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी चन्द्र प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एडिशनल सीएमओ एवं समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

