
🗳️ विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
कुशीनगर, 31 अक्टूबर।
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार राज्य में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2025 दो चरणों में संपन्न होंगे। पहले चरण का मतदान 8 नवम्बर 2025 तथा दूसरे चरण का मतदान 11 नवम्बर 2025 को निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद कुशीनगर में कार्यरत उन सभी व्यक्तियों को विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है जो मूल रूप से बिहार राज्य के मतदाता हैं।
इन मतदाताओं को मतदान दिवस के दिन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत सवैतनिक अवकाश (Paid Holiday) दिया जाएगा, ताकि वे अपने गृह निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर मतदान के अधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिलाधिकारी ने समस्त निजी प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, दुकानों, ठेकेदारों एवं व्यवसायिक संस्थानों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों में कार्यरत बिहार राज्य के कामगारों एवं कर्मचारियों को मतदान दिवस पर अवकाश प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और “मतदान पर्व” को सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिलाधिकारी ने आम जन से भी आह्वान किया कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करें।
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
