
दुदही/कुशीनगर
कुशीनगर जिले के थाना विशुनपुरा क्षेत्र के नगर पंचायत दुदही अंतर्गत वार्ड संख्या 15 में एक किशोरी के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, 4 अगस्त 2025 को सुबह करीब 7 बजे तीन लोग— जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे—बिना किसी कारण उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुसने की कोशिश की। उस समय घर में सिर्फ 16 वर्षीय किशोरी अकेली थी।
किशोरी ने दरवाजा बंद कर लिया, जिससे आरोपी चले तो गए, लेकिन कुछ घंटे बाद दोबारा लौटे और घर में घुसकर किशोरी के बाल पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
इसी दौरान किशोरी के माता-पिता को जब इस घटना की सूचना मिली, तो वे तत्काल घर पहुंचे। पीड़िता की मां का आरोप है कि बीच-बचाव करने पर एक आरोपी पुरुष ने उनके साथ भी बदसलूकी की, झगड़ा करते हुए उनका ब्लाउज फाड़ दिया और छेड़खानी की।
मारपीट में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। किसी तरह किशोरी ने घर में जाकर 1090 महिला हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुके थे।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार इस तरह की हरकतें कर चुके हैं, लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की गई। इस बार की घटना से परिवार भयभीत है और आरोपी लगातार मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजे जाने की मांग की है।
वहीं थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
