
दुदही/कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में एक अनोखी और मार्मिक घटना सामने आई है। दुदही नगर पंचायत स्थित हनुमान मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ पर फंसे रस्सी से एक नर लंगूर की मौत हो गई थी। वन विभाग की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि लंगूर की मौत शंकर कुशवाहा पुत्र रामप्रसाद निवासी वार्ड संख्या 08 द्वारा खेत में लगाए गए फंदे और मारपीट के कारण हुई। आरोपी के खिलाफ थाना विशुनपुरा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में शोक का माहौल रहा। मंदिर परिसर में मृत लंगूर और एक अन्य मृत बंदर का हिंदू रीति-रिवाजों से अंतिम संस्कार किया गया। हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार रौनियार ने पूजा-पाठ के साथ कर्मकांड संपन्न कराया और सैकड़ों लोगों को भोजन (भंडारा) भी कराया।
वन विभाग ने मृत लंगूर का पोस्टमार्टम कर नियमानुसार दफनाने की प्रक्रिया पूरी की, लेकिन स्थानीय श्रद्धालुओं ने इसे भगवान हनुमान का प्रतीक मानते हुए धार्मिक रीति से विदाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और कार्यक्रम में श्रद्धा भाव से शामिल हुए।
यह घटना न केवल वन्यजीव संरक्षण की चुनौतियों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि लोग अब इन प्राणियों को सिर्फ जीव नहीं, बल्कि आस्था का प्रतीक मानकर सम्मान देने लगे हैं।




