
कुशीनगर। जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां दो ठगों ने बैंककर्मी बनकर एक 60 वर्षीय वृद्ध से 22 हजार रुपये की ठगी कर ली। जानकारी के अनुसार, धुरखडवा बतरोली बनवा टोला निवासी नथुनी चौहान किसी काम से बैंक गए थे। इसी दौरान बैंक परिसर के बाहर दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को बैंककर्मी बताकर खाता अपडेट कराने के नाम पर उनसे बात करने लगे।
ठगों ने नथुनी चौहान से चालाकी से बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की और थोड़ी ही देर में उनके खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए। जब वृद्ध को मोबाइल पर निकासी का संदेश मिला, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत विशुनपुरा थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ठगों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है तथा बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बैंक के आसपास लगातार ठगी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिस पर पुलिस को सख्त निगरानी रखनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
