
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर।
कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के श्रीमती चंद्रकाली संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोड़रिया में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक की कार अचानक अनियंत्रित होकर स्कूल भवन से जा टकराई। तेज रफ्तार कार ने कक्षा की दीवार तोड़ दी, जिससे अंदर पढ़ा रही शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विद्यालय परिसर में कार चला रहे शिक्षक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सीधे कक्षा की दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे में संविदा शिक्षिका साधना सिंह दीवार गिरने की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। तत्काल विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से शिक्षिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद आरोपी शिक्षक कार समेत मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधक ने तत्काल विद्यालय में ताला लगाकर सभी अभिलेख अपने कब्जे में ले लिए। विद्यालय में मौजूद अन्य शिक्षकों और छात्रों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया, लेकिन अब तक मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। इस संबंध में एसएचओ विशुनपुरा आनंद गुप्ता ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी जाएगी, आरोपी शिक्षक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर में वाहन संचालन को लेकर पहले भी लापरवाही देखी गई है, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल गंभीर रूप से घायल शिक्षिका का इलाज जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
