
19 दिसम्बर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत आधार देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति विशेष अभियान (फेज–5.0) के अंतर्गत जनपद कुशीनगर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर एक सशक्त, जागरूकता से भरा और संदेशात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम दिनांक 19 दिसम्बर 2025 को विकास खण्ड पडरौना स्थित राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रशासन और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ बालिकाओं और महिलाओं तक पहुँचे। इसी क्रम में आयोजित इस अभियान में हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम ने छात्राओं से सीधा संवाद कर बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई पर करारा प्रहार किया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने बाल विवाह को भविष्य के साथ किया जाने वाला अपराध बताते हुए इसके सामाजिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों को प्रभावशाली शब्दों में सामने रखा। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को हथियार बनाने और बाल विवाह के खिलाफ निडर होकर खड़े होने का आह्वान किया।
वहीं केन्द्र प्रशासिका रीता यादव ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं—निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), वन स्टॉप सेंटर—की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ स्वयं लेने और जरूरतमंदों तक पहुँचाने की अपील की। सुपरवाइजर सुश्री साक्षी पाण्डेय ने चाइल्ड हेल्पलाइन एवं विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाते हुए जेंडर स्पेशलिस्ट बंदना गुप्ता ने प्रदेश में संचालित सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1098, 181, 1090, 112, 108, 102—की जानकारी देते हुए बताया कि संकट की घड़ी में एक कॉल किसी का भविष्य बचा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित शिक्षकों एवं सैकड़ों छात्राओं को बाल विवाह न करने और समाज को इससे मुक्त करने की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान सभागार में गूंजा संकल्प यह संदेश दे गया कि अब बाल विवाह के खिलाफ आवाज केवल उठेगी नहीं, बल्कि असर भी दिखेगा।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से दिनेश कुमार (कम्प्यूटर ऑपरेटर), विद्यालय के प्रधानाचार्य रामस्वरूप गुप्ता, कृष्णा दूबे, डॉ. मोनिका मल्ल, डॉ. प्रतिभा सिंह, संगीता कुमारी, स्नेहलता, मनोरमा सहित समस्त शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने स्पष्ट कर दिया कि विलेज फास्ट टाइम्स की कलम से उठी यह खबर नहीं, बल्कि बाल विवाह के खिलाफ चेतना की दस्तक है।


