

विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर | 11 मार्च
कुशीनगर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को खेल प्रतिभाओं का ऐसा उत्साह देखने को मिला, जिसने साफ कर दिया कि जनपद की धरती में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिला खेल कार्यालय कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर आयु वर्ग वालीबाल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी और बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बालक एवं बालिकाओं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खेल मैदान को जोश और प्रतिस्पर्धा से भर दिया।
सुबह 10 बजे से शुरू हुई प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे। वालीबाल बालक वर्ग में 6 टीमें, कबड्डी में 8 टीमें, बास्केटबॉल में 6 टीमें, बैडमिंटन में 4 खिलाड़ी, एथलेटिक्स में 118 बालक-बालिकाएं और कुश्ती में 53 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार, जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार तथा क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। खेल मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के जोश ने पूरे आयोजन को ऊर्जा से भर दिया।
प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों में वॉलीबॉल के फाइनल में दुदही की टीम ने विशुनपुरा को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कबड्डी के फाइनल में ढाढ़ा ने हाटा को मात देकर जीत हासिल की। वहीं बास्केटबॉल के फाइनल में संत पुष्पा सीनियर सेकेंड्री स्कूल ढाढ़ा ने ध्यानचंद क्लब को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
बैडमिंटन में अनमोल नायक, गुरु गुप्ता, शांतनु नायक और कुशल पाण्डेय ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। कुश्ती में 57 किलोग्राम भार वर्ग में साहिल, मुकेश और इमाम हुसैन ने बाजी मारी, जबकि 61 किलोग्राम वर्ग में परमेश्वर, राहुल, सुमित और हरिपाल सिंह विजेता रहे। बालिका वर्ग में 50 किलोग्राम में झानवी, दीपावली, कृतिका यादव और तान्वी तथा 53 किलोग्राम वर्ग में संजना चौहान, वंदना कुशवाहा और शिवांगी ने जीत हासिल की।
एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने तेज़ रफ्तार और दमखम का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रीति यादव, काजल और रानी यादव तथा 200 मीटर में प्रीति यादव, अंशिका और पूजा सिंह विजेता रहीं। वहीं बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आकाश चौहान, मदन गोपाल सिंह और निहाल यादव तथा 200 मीटर में कृष ठाकुर, साहिल और आदित्य वर्मा ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के समापन पर वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
हालांकि खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि जनपद में खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तो कुशीनगर की यही प्रतिभाएं प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहरा सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं आयोजन में राजेंद्र सिंह राजू, सूरज कुमार, पंकज कुमार यादव, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कृष्णा भारती, संतोष यादव, हरिनारायण द्विवेदी, सत्यजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
