
संत कबीर नगर।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि हासिल करने वाली प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद की एम.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा कु. निधि का महाविद्यालय परिसर में सम्मान किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबन्धक पुष्पा चतुर्वेदी ने वाणिज्य संकाय में पहुंचकर कु. निधि को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और प्रबन्धन की ओर से विशिष्ट पारितोषिक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि निधि ने अपनी कला और मेहनत से न केवल महाविद्यालय, बल्कि जिले का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी, विभागाध्यक्ष और वाणिज्य संकाय के शिक्षकों ने निधि की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं के बीच उत्साह का माहौल रहा।
कु. निधि की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि समर्पण और लगन से कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।
