



कुशीनगर जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर, श्री केशव कुमार द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया बंधुओं के साथ एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं को विस्तारपूर्वक साझा किया तथा जिले में पुलिसिंग से जुड़ी प्राथमिकताओं और नीतियों पर स्पष्ट मार्गदर्शन दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन स्तर से जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक फरियादी की शिकायत का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस का कर्तव्य है। महिला संबंधी अपराधों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शीघ्र और ठोस कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान कायम रह सके।
उन्होंने शराब तस्करी और गो-तस्करी जैसी गतिविधियों को जिले की शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया और इस पर कठोर कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने पुलिस टीमों को ऐसे संगठनों और व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनपद में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रिय भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश ही जनता का विश्वास अर्जित करने का सबसे बड़ा साधन है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने मीडिया बंधुओं से अपील की कि वे पुलिस की जनहितकारी कार्रवाइयों और प्रयासों को जनता तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है और उसकी सकारात्मक भूमिका से पुलिस-जन सहयोग और भी मजबूत होगा।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच संवाद को और सुदृढ़ बनाना तथा जनता के प्रति जवाबदेही को और प्रभावी करना रहा।
