
कुशीनगर जनपद के दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) प्रांगण में सोमवार को प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर संदीप कुमार ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएचसी का पूरा स्टाफ, केंद्र संचालक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य आमजन को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अब मरीजों को महंगी दवाइयों के लिए बाजारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र पर सभी जरूरी जेनेरिक दवाइयां बेहद कम कीमत पर आसानी से मिल सकेंगी, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधा लाभ होगा।
केंद्र संचालक ने भी लोगों से अपील की कि वे महंगी ब्रांडेड दवाओं की बजाय प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से मिलने वाली दवाइयों का उपयोग करें, क्योंकि ये पूरी तरह से सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्ता की कसौटी पर खरी हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना से ग्रामीण अंचलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

