
कुशीनगर। जनपद के थाना बिशुनपुरा में गुरुवार को थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता द्वारा थाने पर पहुँचे आम नागरिकों की जनसमस्याओं को लेकर जनसुनवाई की गई। इस दौरान विभिन्न मामलों से जुड़े आवेदकों ने अपनी-अपनी शिकायतें प्रभारी निरीक्षक के समक्ष रखीं। प्रभारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच और न्यायोचित व समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि थाना जनता के लिए है और हर पीड़ित को बिना भेदभाव न्याय दिलाना ही हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित बीट इंचार्जों और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रत्येक शिकायत पर तत्काल और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
थाने में उपस्थित लोगों ने अपने मुद्दों को खुलकर रखा, जिसमें पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, अपराध संबंधी शिकायतें और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न विभिन्न समस्याएँ शामिल रहीं। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद व्यवस्था मजबूत होने से अपराध नियंत्रण में आसानी होती है और त्वरित समाधान का रास्ता भी खुलता है।
गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या या शिकायत को लेकर थाने आने में संकोच न करे। पुलिस हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
जनसुनवाई कार्यक्रम में पुलिस कर्मी, स्थानीय नागरिक तथा क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। थाने में इस तरह नियमित रूप से आयोजित होने वाली जनसुनवाई से लोगों में भरोसा बढ़ रहा है और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिल रही है।
