


📰 विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
दिनांक – 04 नवम्बर 2025
कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मथौली बाजार स्थित सिरिसिया नहर के पास सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी से लाखों रुपये के आभूषण लूट लिये। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले व्यवसायी की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और गन प्वाइंट पर आभूषणों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित सर्राफा व्यापारी अपने दुकान से आभूषण लेकर किसी ग्राहक को देने जा रहा था। इसी दौरान सिरिसिया नहर के पास पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक किया और गन दिखाकर धमकाया कि अगर विरोध किया तो गोली मार देंगे। डर के साये में व्यापारी ने कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चेकपोस्टों पर नाकेबंदी कराई, लेकिन देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
इस दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि अगर अपराधियों को जल्द पकड़ा नहीं गया तो वे बाजार बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
थाना प्रभारी कप्तानगंज ने बताया कि “पुलिस टीम सक्रिय है, जल्द ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
👉 विलेज फास्ट टाइम्स विशेष रिपोर्ट:
कप्तानगंज क्षेत्र में बढ़ते अपराधों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि व्यापारी सुरक्षित रह सकें।
