
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर, उत्तर प्रदेश।
जनपद कुशीनगर के हरका चौराखास बांसगांव क्षेत्र में हुई चाकू बाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवाद के बाद एक हिन्दू युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें मुख्य आरोपी अब तक फरार है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से त्वरित व कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभय कुमार नामक युवक से अरशद अली ने जबरन गाजा (नशीला पदार्थ) लाने का दबाव बनाया। अभय द्वारा साफ इनकार किए जाने पर अरशद अली ने अपने भाई को मौके पर बुला लिया और दोनों ने मिलकर अभय कुमार के साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर हो रही इस हिंसक घटना को देखकर अभय के चाचा शत्रुधन बीच-बचाव के लिए आगे आए, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में शत्रुधन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना रविंद्रनगर में तहरीर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी अरशद अली की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पीड़ित परिवार में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
शत्रुधन के पिता सुरेश प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक कुशीनगर से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि फरार आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ेंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
