
कुशीनगर। धनतेरस पर्व को लेकर जनपद में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। शनिवार को जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्रान्तर्गत प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, आम नागरिकों और महिलाओं से बातचीत कर त्यौहार के दौरान सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
धनतेरस के अवसर पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस टीमों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और बाजारों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
त्योहार के उल्लास के बीच प्रशासन का यह सतर्क रुख लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करता दिख रहा है।




