
28 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी–2026 के तहत जनपद कुशीनगर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान में प्रशासन का सख्त और अनुशासित रुख साफ नजर आया।
ए०आर०टी०ओ० कुशीनगर मो० अजीम एवं यात्री/मालकर अधिकारी बलवंत सिंह के नेतृत्व में यह अभियान जिले के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले मार्गों, बस व ट्रक यूनियनों तथा परिवहन निगम परिसरों में चलाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को रात्रि समय में हेडलाइट के हाई बीम व लो बीम के सही उपयोग, लेन ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाएं छोटी लापरवाहियों के कारण होती हैं, जिन्हें नियमों के पालन से रोका जा सकता है।
प्रवर्तन कार्रवाई के तहत एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) न लगे वाहनों, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों एवं अन्य यातायात उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 16 वाहनों का चालान कर प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया कि जागरूकता के साथ-साथ कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त परिवहन निगम के कसया डिपो में संचालित बसों की गहन जांच की गई। बसों में रिफ्लेक्टिव टेप, फॉग लाइट एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बस चालकों व परिचालकों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की हिदायत दी।
मौके पर मौजूद आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है।
अभियान में परिवहन विभाग एवं परिवहन निगम के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। जनहित में इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
