
जनपद कुशीनगर।
दिनांक 29 सितम्बर 2025 को जिला न्यायालय व प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से जिला कारागार देवरिया का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण दल में कुशीनगर के जिला जज, जिलाधिकारी श्री महेन्द्र सिंह तंवर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की विभिन्न बैरकों, मेस व परिसर का गहन परीक्षण किया। सफाई व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता तथा कैदियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान कैदियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं को भी जाना गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कैदियों की मूलभूत जरूरतों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में न हो।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने जेल अधीक्षक व उपस्थित कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें। यह भी कहा गया कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या बाहरी प्रभाव बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा एवं अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर परिस्थिति में नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
जिला जज व जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से कहा कि जेल सुधार और कैदियों की बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। इसी क्रम में साफ-सफाई, स्वास्थ्य और अनुशासन पर और मजबूती से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन, पुलिस विभाग और न्यायिक अधिकारियों सहित कई अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस औचक निरीक्षण को जेल व्यवस्था की मजबूती और पारदर्शिता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

