
कुशीनगर। दुदही नगर पंचायत प्रशासन ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करते हुए मंगलवार को कई लोगों को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई नगर पंचायत क्षेत्र के वाई नंबर-03, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर (विवाह भवन के पास) स्थित भूमि से संबंधित है, जिस पर लंबे समय से अवैध निर्माण और कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी संपत्ति है, जिस पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण या अतिक्रमण गैरकानूनी है। इस संबंध में कब्जाधारकों को दस दिन की मोहलत दी गई है कि वे या तो स्वयं कब्जा हटा लें या अपने स्वामित्व से संबंधित प्रमाणिक दस्तावेज प्रस्तुत करें। निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं देने पर प्रशासन खुद कब्जा हटाने की कार्रवाई करेगा, जिसकी पूरी लागत अतिक्रमणकर्ताओं से वसूली जाएगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार “अवैध कब्जा मुक्त अभियान” को तेज किया गया है, ताकि सार्वजनिक संपत्तियों को जनता के उपयोग के लिए सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आगे भी ऐसी कार्यवाही जारी रहेगी।
इस कार्रवाई की चर्चा पूरे नगर में जोरों पर है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस सख्ती का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ रहे अवैध निर्माण से आवागमन और विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब प्रशासन की यह पहल लोगों में कानून और व्यवस्था के प्रति विश्वास बहाल करने वाली मानी जा रही है।
