
कुशीनगर, 13 अगस्त 2025 – 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा अभियान 2025” के तहत पुलिस लाइन कुशीनगर में बुधवार को भव्य तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक कुशीनगर संतोष कुमार मिश्रा ने स्वयं हाथ में तिरंगा थामकर पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाई और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा दौड़ का शुभारंभ पुलिस लाइन कुशीनगर से हुआ, जो रविन्द्रनगर धूस होते हुए सोहरौना तक संपन्न हुई। दौड़ के दौरान मौसम ने अचानक करवट बदली और बारिश शुरू हो गई, लेकिन भीगते हुए भी पुलिसकर्मियों का उत्साह दोगुना हो गया। बारिश की बूंदों के बीच तिरंगा लहराते हुए सभी प्रतिभागियों ने दौड़ पूरी की, जो राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण बनी।



इस अवसर पर पुलिसकर्मी “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। रैली के दौरान देशभक्ति का माहौल ऐसा बना कि आमजन भी प्रभावित होकर राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो उठे।
“हर घर तिरंगा अभियान 2025” का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना और अखंड भारत का संदेश फैलाना है। इस अभियान के तहत जिले में तिरंगा यात्राएं, फ्लैग मार्च और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार मिश्रा ने कहा—
“राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य न केवल स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बनाना है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रज्वलित करना भी है।
कुशीनगर पुलिस ने जनता से अपील की कि 15 अगस्त को सभी लोग अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दें तथा इस महाअभियान को सफल बनाएं।
