
जनपद कुशीनगर के थाना विशुनपुरा पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत सराहनीय कार्य करते हुए दो गुमशुदा किशोरों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में चल रहे “मिशन शक्ति अभियान 5.0” के अंतर्गत यह सफलता 28 सितम्बर 2025 को हासिल हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना विशुनपुरा क्षेत्र के दुदही टैक्सी स्टैंड निवासी कृष्णा चौहान (उम्र 8 वर्ष) पुत्र राजकुमार चौहान तथा कृष्णा कुशवाहा (उम्र 4 वर्ष) पुत्र नन्दलाल कुशवाहा खेलते-खेलते घर से भटक गए थे। दोनों बच्चे अनजाने में दुदही से ट्रेन पकड़कर चाफ रेलवे स्टेशन पहुँच गए। इस दौरान थाना विशुनपुरा की मिशन शक्ति पुलिस टीम गश्त के दौरान स्टेशन पहुँची और दोनों बच्चों को संदिग्ध अवस्था में देखकर उनसे पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान होने पर टीम ने तुरंत उन्हें थाने लाकर परिजनों से संपर्क साधा। कुछ ही देर बाद दोनों बच्चों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और मिशन शक्ति टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई ने किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
कुशीनगर थाना विशुनपुरा की मिशन शक्ति टीम ने प्रभारी निरीक्षक आनन्द कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गुमशुदा दो किशोरों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा। टीम में उ0नि0 अमन चौहान, म0उ0नि0 ललिता वर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि मिशन शक्ति पुलिस न केवल महिलाओं की सुरक्षा बल्कि बच्चों की देखभाल और संरक्षण के प्रति भी पूरी तरह समर्पित है।
