

दुदही (कुशीनगर)।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत दिव्यज्योति एजुकेशनल एकेडमी, दुदही में गुरुवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी राकेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी विशुनपुरा संतोष सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी ललिता वर्मा, एसआई अमन चौहान और विद्यालय प्रबंधक चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मिशन शक्ति अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जोड़ना है। वक्ताओं ने छात्राओं को जागरूक रहने की अपील की और कहा कि समाज में सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, सड़क पर सतर्क रहने के उपाय तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला शक्ति सेवा) और 112 (आपातकालीन सेवा) का उपयोग करके तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है।
महिला आरक्षी संगम यादव ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यवहारिक गुर सिखाए। उन्होंने सरल तकनीकों का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि यदि लड़कियां आत्मरक्षा की कला सीख लें तो वे किसी भी विपरीत परिस्थिति का डटकर सामना कर सकती हैं। मंच पर कुछ छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ता है।
विद्यालय प्रबंधक चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को न केवल जानकारी प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें अपने अधिकारों के प्रति सजगता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने छात्राओं से निडर होकर शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
कार्यक्रम में शिक्षक विनोद सर, मनोज सर, सचिन, अखिलेश, चंदन श्रीवास्तव तथा शिक्षिकाएं निलम, साक्षी, सपना, मानसी, जूही, प्रीति सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण रहा और अंत में सभी ने मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।



