
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर। बिहार में 6 नवंबर से शुरू हो रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए कुशीनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से कमर कस ली है। बुधवार से प्रथम चरण के मतदान की शुरुआत के साथ ही जिले के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी और गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर जिले की पुलिस टीमों ने बिहार की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की गहन चेकिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब, धन या असलहा की आवाजाही न हो सके। इसके लिए सीमा से सटे ठूठीबारी, सेवरही, खड्डा, दुदही, कप्तानगंज और पडरौना थाना क्षेत्रों में विशेष चौकियां सक्रिय की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि बिहार चुनाव को लेकर कुशीनगर जिले की सीमाओं पर अंतरराज्यीय समन्वय भी स्थापित किया गया है, ताकि दोनों राज्यों की सुरक्षा एजेंसियां मिलकर संवेदनशील इलाकों पर नियंत्रण रख सकें।
एसपी ने बताया कि मतदान के दौरान अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सीमाई चौकियों पर तैनात पुलिस कर्मियों को 24 घंटे मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कुशीनगर पुलिस पूरी तरह तैयार है।
