
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 10 नवम्बर 2025
कुशीनगर। प्रदेश में पुलिस की कार्यकुशलता और जनता की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शुरू की गई आईजीआरएस (जनसुनवाई प्रणाली) में इस बार जनपद कुशीनगर ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अक्टूबर माह के मूल्यांकन में कुशीनगर पुलिस को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार ने पुलिस कार्यालय के सभागार में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों एवं जनपदीय आईजीआरएस सेल के अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता टीम भावना, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से किए गए कार्यों का परिणाम है।
एसपी ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र की शिकायतों की निगरानी स्वयं करें और लंबित प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें।
जनसुनवाई में बेहतर प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन में उत्साह का माहौल है। बताया गया कि पिछले कुछ महीनों में कुशीनगर पुलिस ने शिकायतों के समाधान में तीव्रता लाई है और कई जटिल मामलों का निस्तारण समय सीमा के भीतर किया है।
जनता से जुड़ाव और पारदर्शिता की दिशा में कुशीनगर पुलिस की यह उपलब्धि प्रदेश में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है।
— विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
