
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
कुशीनगर, 01 नवम्बर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में नियमित रात्रि चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 31 अक्टूबर/01 नवम्बर की रात्रि को क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात तक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी श्री बसन्त सिंह ने थाना कुबेरस्थान, तुर्कपट्टी और कसया क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया, जो अपने निर्धारित रूट पर सतर्क व सक्रिय पाए गए। क्षेत्राधिकारी ने सभी पुलिस कर्मियों को प्रभावी गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और सीमा क्षेत्रों पर सुरक्षा सख्त रखने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक श्री गिरिजेश उपाध्याय ने खड्डा जोनल क्षेत्र में थाना नेबुआ नौरंगिया, हनुमानगंज और कोतवाली पडरौना में तैनात पुलिस बल का निरीक्षण किया। उन्होंने रात्रि ड्यूटी पर लगे कर्मियों को सतर्कता और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक श्री धनवीर सिंह ने तरयासुजान जोन के अंतर्गत सेवरही व तमकुहीराज थाना क्षेत्रों में रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, थाना कार्यालयों, हवालात व पिकेट पॉइंट्स का निरीक्षण किया। पीआरवी दल अपने निर्धारित रूट चार्ट पर सतर्क पाए गए। उन्होंने बॉर्डर क्षेत्रों पर कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
एसपी कुशीनगर श्री केशव कुमार ने कहा कि इस प्रकार की नियमित रात्रि चेकिंग व निगरानी अभियान से अपराध पर नियंत्रण के साथ जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और इसी तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे ताकि नागरिक निश्चिंत और सुरक्षित महसूस करें।
🖋️ रिपोर्ट: विलेज फास्ट टाइम्स संवाददाता – कुशीनगर








