
जनपद कुशीनगर में पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना कसया पुलिस टीम ने दो डीसीएम ट्रक से वध हेतु क्रूरतापूर्वक लाद कर ले जाए जा रहे 19 गोवंश बरामद किए। इस दौरान मौके से तीन पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री निवेश कटियार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में सतनाम सिंह पुत्र तसवीर सिंह और हरदीप सिंह पुत्र प्रीतम, दोनों निवासी राजपुरा पटियाला, पंजाब, तथा योधन पुत्र देवनरायन, निवासी मसूदपुर थाना शाहपुर, पटना, बिहार शामिल हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्तों का संगठित गिरोह गोवंशीय पशुओं को ट्रकों में क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार ले जाता है, जहां अवैध रूप से गौकशी कर भारी धन अर्जित किया जाता है। प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर गिरोह लंबे समय से इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था।
बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना कसया में मुकदमा अपराध संख्या 0639/2025 धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा, उपनिरीक्षक आदर्श मिश्रा, उपनिरीक्षक हीरा लाल, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, आनंद सिंह, विनोद कुमार तथा कांस्टेबल अनीष यादव और उपेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गो-तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है तथा गिरफ्तार अभियुक्तों से नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं, ताकि पूरे गिरोह पर नकेल कसी जा सके।

