
जनपद कुशीनगर में पेट्रोल पम्प पर घटतौली का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने आम जनता के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है। विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुदही नगर पंचायत के बड़हरा चौराहा स्थित अशोक फीलिंग स्टेशन पेट्रोल पम्प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक ग्राहक खुले तौर पर पेट्रोल पम्प पर घटतौली का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो में साफ देखा और सुना जा सकता है कि ग्राहक पेट्रोल भरवाने के दौरान मेजर में तेल कम होने की बात कह रहा है। ग्राहक का आरोप है कि निर्धारित मात्रा के अनुसार पेट्रोल नहीं दिया गया, जबकि मीटर पूरा दिखाया गया। इस बात को लेकर ग्राहक और पेट्रोल पम्प के सेल्समैन के बीच तीखी नोकझोंक भी होती नजर आ रही है। दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, जिससे वहां मौजूद अन्य लोग भी एकत्र हो गए।
वायरल वीडियो में ग्राहक यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि वह इस पूरे मामले की शिकायत सीधे जिलाधिकारी (डीएम) से करेगा। ग्राहक का कहना है कि इस तरह की घटतौली आम जनता के साथ खुला धोखा है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वीडियो में ग्राहक प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करता दिख रहा है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद अब तक संबंधित पेट्रोल पम्प के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इस तरह के मामले और बढ़ेंगे और आम उपभोक्ता ठगे जाते रहेंगे।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पम्प पर पहले भी उपभोक्ताओं द्वारा अनियमितता को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन हर बार मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है और वे मांग कर रहे हैं कि संबंधित पेट्रोल पम्प की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस वायरल वीडियो को कितनी गंभीरता से लेता है और उपभोक्ताओं के हित में क्या कदम उठाता है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।
— विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
