


विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 15 नवम्बर 2025
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कोकीलपट्टी में शनिवार रात उस समय माहौल गर्म हो गया, जब गांव में चल रही एक संदिग्ध चंगाई सभा और कथित धर्म परिवर्तन गतिविधि की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना रात लगभग 8:15 बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोकीलपट्टी, अहिरौली और दुदही क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा ईसाई मिशनरियों की मदद से धार्मिक सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें बाहर से आए कुछ लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान कथित तौर पर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप लगा।
सूत्रों ने बताया कि मौके पर सुरेश पुत्र सियार (निवासी कोकीलपट्टी), ओमप्रकाश पुत्र रामलाल (निवासी अहिरौली) तथा कुछ अन्य व्यक्तियों की उपस्थिति की पुष्टि हुई। घटनास्थल का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया।
घटना की सूचना विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कुछ स्थानीय सक्रिय कार्यकर्ताओं तक पहुंची, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
गांव में यह चर्चा आम है कि बीते कुछ महीनों से ऐसे कार्यक्रम गुप्त रूप से चलाए जाने की बातें सामने आ रही थीं, लेकिन पहली बार किसी सभा का वीडियो वायरल हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि देर रात होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बनते-बनते बची।
पुलिस ने फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, स्थानीय लोगों के बयान और मौके पर मिले तथ्यों की जांच की जा रही है। साथ ही, इस बात की भी पुष्टि की जाएगी कि वास्तव में धर्म परिवर्तन का प्रयास किया गया या नहीं।
थाना प्रभारी के अनुसार, “मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
गांव में फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार जरूर गर्म कर दिया है।
