
दुदही/कुशीनगर
कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत दुदही के वार्ड नंबर 15 गिदहवां में सोमवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला के घर में कुछ अज्ञात हथियारबंद हमलावर घुस आए। पीड़िता कुसुम देवी पत्नी कन्हैया चौहान ने थाने में दी गई शिकायत में बताया है कि हमलावरों ने पहले उनके घर की बिजली लाइन काटी, फिर जानलेवा हमला करने की नीयत से घर में घुसे।
पीड़िता के अनुसार, हमलावरों के पास अवैध असलहे, चाकू और फरसा जैसे घातक हथियार थे। उन्होंने घर में घुसते ही आपस में यह बात की कि “घर में चार लोग हैं लेकिन तीन ही क्यों दिख रहे हैं”, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनकी मंशा खतरनाक थी। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
कुसुम देवी ने इस घटना के पीछे अपने ही मोहल्ले के कुछ पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि इन लोगों से पहले भी उनका विवाद हो चुका था और उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। उन्हें पूरा विश्वास है कि इन्हीं लोगों ने हमलावरों को उनके घर भेजा था।
पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी पहले भी मोहल्ले में मारपीट व धमकी जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और आए दिन लोगों को भयभीत करते हैं।
फिलहाल इस मामले में थाना विशुनपुरा पुलिस ने शिकायती पत्र प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोग भी पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
