
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
जनपद कुशीनगर के विधानसभा क्षेत्र 331 तमकुहीराज में नगर पंचायत की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। तमकुहीराज स्थित सेंट्रल बैंक के सामने कई दिनों से पड़े एक मृत कुत्ते के शव से उठ रही तीव्र दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों का जीना मुश्किल हो गया है। सड़ांध इतनी तेज है कि दुकानों पर बैठना भी दूभर हो गया है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मृत कुत्ता पिछले कई दिनों से सड़क किनारे पड़ा हुआ है, लेकिन नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों का कहीं अता-पता नहीं है। बार-बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और कर्मचारी भूमिगत हो गए हैं।
व्यापारियों ने बताया कि सड़ते हुए शव से उठ रही बदबू के कारण ग्राहकों का आना भी कम हो गया है, जिससे उनके व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही मृत पशु को हटाकर क्षेत्र की साफ-सफाई नहीं कराई गई तो संक्रमण फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
इस पूरे मामले में नगर पंचायत तमकुहीराज की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेते हैं और क्षेत्रवासियों को इस दुर्गंध और संभावित संक्रमण के खतरे से कब तक राहत दिलाते हैं।
