
कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के कोइंदी बुजुर्ग गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक और आक्रोश की लहर में डुबो दिया। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के दौरान अचानक सक्रिय हुए हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से गांव निवासी व संविदा लाइनमैन ध्रुव गौड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना देखते ही देखते पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो रहे थे और ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ध्रुव गौड़ रोज की तरह विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे थे, इसी दौरान अचानक बिना सूचना बिजली प्रवाहित हो गई। तेज करंट की चपेट में आते ही ध्रुव गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दुखद रूप से उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा इतनी अचानक और भयावह था कि गांव के लोगों के कदम मानो ठिठक गए।
उधर सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हादसे की जानकारी मिलते ही तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार भी तुरंत सीएचसी पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पूरी तरह परिवार के साथ खड़े हैं। विधायक ने दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों से बात कर पीड़ित परिवार की समस्याओं और मांगों से भी अवगत कराया।
डॉ. असीम कुमार ने विद्युत विभाग के एसडीओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले में दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने शासन से मृतक के परिवार को शीघ्र मुआवजा, संविदा कर्मी मद से सहायता तथा अन्य लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।
ध्रुव गौड़ की असामयिक मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। एक जिम्मेदार व मेहनती लाइनमैन की अचानक हुई मृत्यु ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता प्रदान करने की मांग उठाई है।
