

25 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में किए जा रहे ठोस प्रयासों के क्रम में शनिवार को माननीय मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कुशीनगर के शकुंतला इंटर कॉलेज, सरस्वती चौक, पडरौना में भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा। सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री जी का संदेश जिले के छात्र-छात्राओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचा, जिससे उनमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) शैलेन्द्र कुमार गौतम तथा अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल गोंड सहित समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं समयबद्ध भुगतान प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
अपने संबोधन में अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम है। सरकार की यह योजना उन विद्यार्थियों के सपनों को पंख देती है, जो संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित रह जाते थे। उन्होंने यह भी दोहराया कि शासन की मंशा है कि कोई भी योग्य विद्यार्थी आर्थिक कारणों से पढ़ाई से पीछे न रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। प्रशासनिक अनुशासन, स्पष्ट संदेश और सकारात्मक वातावरण ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रेरणादायी बना दिया।
यह आयोजन प्रदेश सरकार की शिक्षा-केन्द्रित, पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।




