
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक – 12 जनवरी 2026
जनपद कुशीनगर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना तुर्कपट्टी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी की कई घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के बहुमूल्य आभूषण, 02 मोटरसाइकिल (एक चोरी की व एक अपराध में प्रयुक्त), 15,470 रुपये नकद, 04 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में थाना तुर्कपट्टी पुलिस ने मु0अ0सं0 282/25 व 255/25 से संबंधित अभियुक्तों प्रिंस गुप्ता, फैजान अंसारी व राजगुरू उर्फ कलाकंदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं और कुशीनगर जनपद तथा बिहार सीमा से सटे गोपालगंज जिले में रात्रि के समय घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। चोरी किए गए गहनों व नकदी को आपस में बांट लिया जाता था।
बरामदगी में सफेद व पीली धातु के कई आभूषण—हार, कंगन, बीछिया, ब्रेसलेट, लाकेट, झुमका, मांग टीका व नाक की कील शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, नकद राशि तथा चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड, पेचकस व अन्य औजार भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रिंस गुप्ता पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है, वहीं फैजान अंसारी व राजगुरू पर भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरफ्तारी क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक व कांस्टेबलों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और अपराधियों में स्पष्ट संदेश गया है कि जनपद कुशीनगर में अपराध के लिए अब कोई जगह नहीं है।
विलेज फास्ट टाइम्स जनपद पुलिस की इस सराहनीय उपलब्धि को सलाम करता है।



