

कुशीनगर। जिले के तमकुहीराज–पड़रौना मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब दुदही ब्लॉक से लगभग 700 मीटर पूर्व एक विशालकाय पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। इस घटना से तहसील मुख्यालय से जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे एम्बुलेंस समेत दर्जनों वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।
राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और वन विभाग को सूचना दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक घंटों बीत जाने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिससे वह अचानक सड़क पर गिर गया। यह मार्ग रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है, ऐसे में इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही और सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
