

28 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सैनिक बंधु की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के सम्मान एवं अभिनन्दन के साथ की गई। इसके उपरांत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अनुपालन की स्थिति जानी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कुल 32 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियाँ उपस्थित रहीं। इस दौरान पूर्व सैनिकों द्वारा 10 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें भूमि विवाद, न्यायालय में लंबित प्रकरण, शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण, अवैध भूमि कब्जा, रास्ता दिलाने से संबंधित विवाद तथा भूमि पैमाइश जैसे गंभीर विषय शामिल रहे। इसके अतिरिक्त सेवारत सैनिकों से संबंधित 02 प्रार्थना पत्र भी प्राप्त हुए, जिनमें रात्रि में फसल कटाई की समस्या एवं शहीदों के नाम पर ग्राम सड़कों, भवनों एवं चौराहों के नामकरण से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्देश देते हुए कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति की भूमि के क्रय-विक्रय में विशेष सावधानी बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना जिलाधिकारी की अनुमति के ऐसी भूमि का बैनामा कदापि न किया जाए और संबंधित अधिकारी इस नियम का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, डीसी उद्योग अभय कुमार सुमन, विंग कमांडर आलोक सक्सेना, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी सहित पूर्व सैनिक डॉ. मेजर महेश कुमार वरनवाल, कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन शमसुद्दीन अंसारी, कैप्टन दयाशंकर पाण्डेय, हवलदार शारदा प्रसाद एवं अन्य पूर्व सैनिक एवं वीर नारियाँ उपस्थित रहीं।
बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के प्रभाकर नाथ तिवारी, कनिष्ठ सहायक राजेश कुमार गुप्त, श्रीमती धर्मशीला देवी, जालंधर प्रसाद तथा कार्यालय के समस्त कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


