
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब चोरों ने आईपीएस अफसर यमुना प्रसाद के घर में धावा बोल दिया। यमुना प्रसाद इस समय गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में डीसीपी के पद पर तैनात हैं। जानकारी के अनुसार उनका लखनऊ स्थित आवास (1/197, विकास नगर) लंबे समय से खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया और नगदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि चोर करीब ₹50 हजार नकद, 10 चांदी के सिक्के, 3 कलाई घड़ी, 2 दीवार घड़ी, चांदी के बर्तन और यहां तक कि बाथरूम की 20 टोटियां तक उठा ले गए। चोरों की इस करतूत ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया, क्योंकि आम तौर पर चोर नकदी और गहनों पर निशाना साधते हैं, लेकिन यहां घरेलू सामान और फिटिंग्स तक चुरा ले जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब घर की देखरेख करने पहुंचे व्यक्ति ने ताला टूटा पाया और तुरंत सूचना विकास नगर थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बीते कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन खाली घर को निशाना बनाया जाएगा, इसका अंदेशा किसी को नहीं था। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि आईपीएस यमुना प्रसाद पूर्व में कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं और फिलहाल नोएडा में डीसीपी के पद पर कार्यरत हैं। वरिष्ठ अधिकारी के घर में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल विकास नगर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटना से क्षेत्रीय निवासियों में भी दहशत का माहौल है।
