
कुशीनगर।
थाना कोतवाली पडरौना की मिशन शक्ति टीम ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए नवरात्रि मेले में बिछड़ी दो मासूम बच्चियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया।
जानकारी के अनुसार, 01 अक्टूबर 2025 को कस्बा पडरौना क्षेत्र स्थित नवरात्रि मेले में अपनी मां के साथ घूमने आयी दो बच्चियां, जिनकी उम्र लगभग 3 वर्ष और 4 वर्ष थी, अचानक भीड़ में अपनी मां से बिछड़ गईं। इस घटना की सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम सक्रिय हुई और तुरंत खोजबीन शुरू की। टीम ने मेले के विभिन्न हिस्सों में तलाश कर बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया। इसके बाद दोनों मासूमों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चियों को सकुशल पाकर परिजनों की आंखों में खुशी और राहत साफ झलक रही थी।
इस मानवीय पहल में मिशन शक्ति टीम की भूमिका सराहनीय रही। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में शामिल थे – जिला प्रभारी मिशन शक्ति कुशीनगर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, महिला मिशन शक्ति प्रभारी थाना कोतवाली पडरौना उपनिरीक्षक प्रिंशी पाण्डेय, महिला हेड कांस्टेबल दुर्गावती भारद्वाज तथा महिला कांस्टेबल ममता कुमारी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि मेले जैसे आयोजनों में मिशन शक्ति टीम की सतर्कता से आमजन को सुरक्षा का विश्वास मिलता है। यह प्रयास न केवल पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है बल्कि “मिशन शक्ति” के वास्तविक उद्देश्य को भी मजबूत करता है।
