
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क | गोपालगंज (बिहार)
गोपालगंज की पावन धरती पर स्थित हिन्दुओं की अटूट आस्था का प्रतीक थावे दुर्गा शक्ति पीठ एक बार फिर सुर्खियों में है। माता रानी के पवित्र मुकुट की चोरी की घटना ने जहाँ एक ओर श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुँचाई, वहीं दूसरी ओर इस आघात के बीच श्रद्धा, साहस और संकल्प की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है।
थावे मंदिर में हुई इस शर्मनाक घटना से आहत होकर, बाहुबली सतीश पाण्डेय के भाई एवं कुचायकोट विधानसभा से छठवीं बार निर्वाचित लोकप्रिय विधायक जनसेवक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय ने ऐसा निर्णय लिया है, जिसे लोग आस्था के प्रति सच्ची सेवा और सनातन संस्कारों का सम्मान बता रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, विधायक पप्पू पाण्डेय आगामी 21 दिसंबर को अपने भतीजे मुकेश कुमार पाण्डेय को मेदांता हॉस्पिटल से पूर्णतः स्वस्थ कराकर अपने पैतृक गांव लेकर आएंगे। इसके पश्चात 22 दिसंबर (सोमवार) को वे स्वयं थावे दुर्गा शक्ति पीठ पहुँचकर माता रानी को शुद्ध सोने का भव्य मुकुट अर्पित करेंगे। यह मुकुट केवल आभूषण नहीं, बल्कि सनातन आस्था पर हुए प्रहार का करारा जवाब माना जा रहा है।
इस ऐलान के बाद से ही पूरे गोपालगंज जिले में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह, गर्व और भावनात्मक ऊर्जा का संचार हो गया है। लोग इसे न केवल माता रानी के प्रति सच्ची भक्ति, बल्कि सामाजिक संदेश के रूप में भी देख रहे हैं कि आस्था पर हमला करने वालों को कभी सफलता नहीं मिल सकती।
थावे मंदिर, जो सदियों से शक्ति, विश्वास और संस्कृति का केंद्र रहा है, एक बार फिर यह साबित कर रहा है कि यहाँ की आस्था अडिग है, अटल है और हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम है।
जय माता दी
विलेज फास्ट टाइम्स – गोपालगंज, बिहार
