

18 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
मा० विधायक डॉ. असीम कुमार ने योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित कर सरकार की मंशा को बताया धरातल पर उतरा
तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में श्रमिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मा० विधायक डॉ. असीम कुमार ने 17 दिसम्बर 2025 को अपने कैंप कार्यालय में श्रम विभाग के अंतर्गत उ०प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के स्वीकृति पत्र निर्माण श्रमिकों को वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के चेहरे पर राहत और सम्मान की स्पष्ट झलक दिखाई दी।
मा० विधायक डॉ. असीम कुमार ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे जनसेवा केंद्रों अथवा upbocw पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि मात्र ₹40 पंजीयन शुल्क और ₹20 वार्षिक नवीनीकरण शुल्क जमा कर श्रमिक अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
विधायक ने विस्तार से बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को संतान के जन्म पर मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना के तहत बालक के जन्म पर ₹20,000 और बालिका के जन्म पर ₹25,000 की सहायता दी जाती है। पुरुष श्रमिकों को ₹6,000 तथा महिला श्रमिकों को तीन माह का न्यूनतम वेतन मातृत्व हितलाभ के रूप में दिया जाता है। संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई हेतु ₹24,000 तक की सहायता, अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा, पुत्री के विवाह पर ₹55,000 तथा सामूहिक विवाह पर ₹1,00,000 का अनुदान प्रदान किया जाता है। वहीं पंजीकृत श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर ₹2,25,000 और दुर्घटना में मृत्यु पर ₹5,25,000 की सहायता का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा कन्या विवाह योजना के 10 लाभार्थियों को ₹5,50,000, मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना के 7 लाभार्थियों को ₹3,00,733, मृत्यु/दिव्यांगता सहायता योजना के 7 लाभार्थियों को ₹15,75,000 तथा अटल आवासीय विद्यालय योजना के 4 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कुल ₹23,70,733 की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही एक बढ़ई श्रमिक का पंजीकरण कर पंजीयन कार्ड तथा तीन ई-श्रम कार्ड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृत्ता उपाध्याय, कंप्यूटर ऑपरेटर शशि शेखर मिश्रा, संदीप मल्ल, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि श्रमिक कल्याण अब केवल घोषणा नहीं, बल्कि ज़मीनी हकीकत बन चुका है।
